मुंबई: बॉलीवुड और टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार के अलग होने की खबरों के बीच अब इस मामले पर पहली बार सूरज नांबियार का बड़ा बयान सामने आया है। सूरज ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर उनके अलगाव को लेकर चल रही एलिमनी (गुज़ारा भत्ता) के विवादों और किसी तीसरे व्यक्ति (थर्ड-पार्टी) के शामिल होने की तमाम अफवाहों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया के कुछ धड़ों पर जानबूझकर भ्रामक खबरें फैलाने का आरोप लगाया है।
सूरज नांबियार ने अपने बयान में साफ किया कि उनके और मौनी के रिश्ते को लेकर जो बातें इंटरनेट पर चल रही हैं, वे पूरी तरह से गलत इरादे से फैलाई जा रही हैं। उन्होंने लिखा, “मैं एक बार और हमेशा के लिए सब कुछ साफ कर देना चाहता हूं। हमारे बीच न तो एलिमनी को लेकर कोई विवाद है और न ही इस मामले में कोई थर्ड पार्टी शामिल है।”
आपसी सहमति और गरिमा से लिया फैसला
सूरज ने आगे बताया कि अलग होने का फैसला किसी झगड़े का नतीजा नहीं, बल्कि बेहद सूझबूझ के साथ लिया गया कदम है। उन्होंने कहा, “मौनी और मैंने एक-दूसरे के प्रति सम्मान और भलाई को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति से अलग होने का रास्ता चुना है। यही एकमात्र सच है। इसके अलावा जो कुछ भी कहा जा रहा है, वह सिर्फ दो लोगों को बदनाम करने की कोशिश है।” सूरज ने उन दोस्तों और करीबियों का बचाव भी किया जिनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और अपील की कि इस विवाद में मासूम लोगों को न घसीटा जाए।
मौनी रॉय ने भी की थी प्राइवेसी की अपील
इससे पहले दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपने रिश्ते के खत्म होने की आधिकारिक घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि बदलते जीवन और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं के कारण वे गरिमा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। मौनी रॉय ने भी इंस्टाग्राम के जरिए फैंस और मीडिया से इस मुश्किल वक्त में प्राइवेसी देने की गुहार लगाई थी और झूठी कहानियां न गढ़ने की अपील की थी।
आपको बता दें कि मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने जनवरी 2022 में गोवा में बंगाली और दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों के साथ बेहद धूमधाम से शादी की थी।
मौनी रॉय का करियर ग्राफ
टेलीविजन जगत में ‘नागिन’, ‘देवों के देव…महादेव’ और ‘कस्तूरी’ जैसे सुपरहिट धारावाहिकों से घर-घर में पहचान बनाने वाली मौनी रॉय ने बॉलीवुड में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। वह अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘गोल्ड’, ‘मेड इन चाइना’ और रणबीर कपूर-आलिया भट्ट स्टारर ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिवा’ में मुख्य खलनायक (जुनून) की भूमिका में नजर आ चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने रियलिटी शो ‘टेम्पटेशन आइलैंड इंडिया’ को भी होस्ट किया था।



