उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर और सुलभ अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार की एक बेहद महत्वपूर्ण पहल ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ अब धरातल पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस महत्वाकांक्षी योजना को पहले ही अपनी मंजूरी दे चुके हैं और जल्द ही इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

इस योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरी तरह निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण जो छात्र-छात्राएं महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में असमर्थ हैं, उनके लिए यह योजना एक बड़ा संबल साबित होगी। विशेष तौर पर दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को इससे घर बैठे उच्च स्तर का मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री मिल सकेगी।

किन परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी?

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के दायरे में देश और राज्य की तमाम प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं को शामिल किया गया है। इनमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) की सिविल सेवा परीक्षाएं, रक्षा सेवाओं (CDS) के लिए तैयारी, बैंकिंग, रेलवे, एसएससी (SSC) जैसी परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा, प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और पात्रता के लिए आयोजित होने वाली CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी उच्च स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी का लाभ भी युवाओं को मिलेगा।

सरकार का यह कदम राज्य के युवाओं के कौशल विकास और उनके भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। योजना के शुभारंभ की तिथि की घोषणा जल्द ही मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जाएगी, जिसके बाद छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग प्राप्त करने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी।

वीरेंद्र सिंह से सुनिए,Gen Z की चुनौती,तिरंगा बीजेपी का सहारा,टिकट जाति पर बात राष्ट्र की

शेयर करना
Exit mobile version