मुंबई के नेवी नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नौसैनिक समेत परिवार के चार लोगों के शव घर से बरामद किए गए हैं। घर में चार शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में नौसैनिक कर्मचारी, उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 2 महीने और 3 साल बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
पुलिस को शक है कि नौसैनिक कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दी, जबकि पत्नी और दोनों बच्चों की मौत जहर के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिवार से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर परिवार के इस कदम के पीछे क्या वजह थी।



