लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करते हुए एक नया और आकर्षक चुनावी नारा दिया। लखनऊ में आयोजित पार्टी की एक बड़ी बैठक में मायावती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, हाथी पर बटन दबाना है, सत्ता में वापस आना है। यह नारा पार्टी के चुनाव चिह्न ‘हाथी’ और ईवीएम पर लगने वाले ‘बटन’ को केंद्र में रखकर गढ़ा गया है।
‘बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा संगठन’
बैठक के दौरान मायावती ने आगामी चुनावी चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक अपने संगठन को मजबूत करना होगा और अपने जनाधार को सर्वसमाज में व्यापक रूप से बढ़ाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर बसपा की नीतियों और पार्टी की पिछली सरकारों के दौरान कराए गए विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से रखने की अपील की।
कठिन हालात में चुस्त-दुरुस्त रखनी होगी तैयारी
बसपा प्रमुख ने कहा कि वर्तमान में देश और प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक हालात अत्यंत कठिन हैं। ऐसे में, चुनाव में सामने आने वाली नई चुनौतियों को देखते हुए पार्टी की रणनीति और तैयारियों को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करना होगा। मायावती ने विशेष रूप से आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर फोकस करते हुए मजबूत और जीतने वाले प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया पर जोर दिया।
वोट की सुरक्षा और बूथ मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
मायावती ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे वोट की सुरक्षा, व्यापक जनसंपर्क और मजबूत बूथ मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए जमीनी स्तर पर मतदाताओं से सीधा और निरंतर संवाद ही सबसे कारगर हथियार है।



