लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी और परिवार से जुड़ा एक बड़ा और सख्त फैसला लेते हुए अपनी भतीजी दीपिका से भी किनारा कर लिया है। उन्होंने साफ किया कि अब भाई आनंद कुमार के परिवार में से केवल ईशान आनंद को ही पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे किया जाएगा। इसके लिए 23 सितंबर को बसपा की अहम ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई है।
आकाश आनंद को लेकर मायावती का सख्त रुख
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद की शादी के बाद से उनका रवैया और गतिविधियां लगातार गलत रही हैं, जिसकी वजह से उन्हें कुछ दिन पहले पार्टी से अलग करना पड़ा। उन्होंने कहा कि आकाश अब अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के जंजाल में पूरी तरह फंस चुके हैं और उन्हें पार्टी में वापस लेना पार्टी के लिए बहुत बड़ा विश्वासघात होगा, जो वह कदापि नहीं कर सकतीं।
भतीजी दीपिका को भी नहीं मिलेगी जिम्मेदारी
मायावती ने स्पष्ट किया कि भाई आनंद कुमार के परिवार में से अब ऐसे किसी सदस्य को आगे किया जाएगा जो आकाश के नक्शेकदम पर बिल्कुल भी न चले। उन्होंने कहा कि आकाश की बहन की शादी के बाद अगर मामला आकाश की तरह ही निकला तो यह भी पार्टी हित में सही नहीं होगा। इसलिए अब पार्टी हित में यही उचित होगा कि आकाश आनंद और उनकी बहन दोनों को पार्टी की कोई भी जिम्मेदारी देने से दूर रखा जाए। इस फैसले में कोई फेरबदल नहीं किया जाएगा।
बहुजन समाज ही मेरा असली परिवार
मायावती ने कहा कि कांशीराम जी ने राजनीति में आने के बाद अपने सभी नजदीकी रिश्ते-नातों को राजनीतिक लाभ देने से हमेशा दूर रखा। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी बहुजन समाज के हित के लिए समर्पित की। उनसे प्रेरित होकर मैंने भी वही रास्ता चुना, लेकिन लड़की होने की वजह से मजबूरी में भाई को साथ रखना पड़ा। उन्होंने कहा कि समस्त बहुजन समाज ही मेरा असली परिवार है और सत्ता की मास्टर चाबी के जरिए उन्हें शोषित से शासक वर्ग बनाना ही मेरा मिशनरी लक्ष्य है। इसके लिए वह अपने भाई-बहनों के खिलाफ भी किसी भी हद तक जा सकती हैं, जैसा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने उदाहरण पेश किया।
बाबा साहेब के पत्र का दिया हवाला
मायावती ने बताया कि उन्होंने यह फैसला कांशीराम जी से प्रेरित होकर और बाबा साहेब के 23 फरवरी 1956 को अपने पुत्र यशवंत अंबेडकर को लिखे पत्र से प्रभावित होकर लिया है। उस पत्र में बाबा साहेब ने लिखा था कि प्रेस पब्लिक प्रॉपर्टी है, न तुम्हारा है और न मेरा। पब्लिक अकाउंट में किसी भी प्रकार की अनियमितता की अनुमति संभव नहीं है। अगर तुमने मेरी अंतिम चेतावनी की परवाह नहीं की तो मैं तुम्हें प्रेस से बाहर कर दूंगा और आपके विरुद्ध अभियोजन भी करूंगा।
ईशान आनंद को आगे करने का ऐलान
मायावती ने कहा कि अब आनंद कुमार के परिवार में से केवल ईशान आनंद को ही पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेवारी देकर आगे किया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर ईशान ने भी पार्टी विरोधी कोई गंभीर कृत्य किया तो उन्हें भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। लेकिन तब ऐसी स्थिति में आनंद कुमार के परिवार में से अन्य किसी भी सदस्य को पार्टी की कोई भी छोटी-बड़ी जिम्मेवारी नहीं दी जाएगी।
इसके स्थान पर पार्टी में ही कार्यरत दलित वर्ग के किसी मिशनरी और वफादार कार्यकर्ता को आगे कर दिया जाएगा। इसलिए देश और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ इस खास मुद्दे को लेकर 23 सितंबर की ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई है, ताकि पार्टी के लोग अपने कार्यों में पूरे जी-जान से जुट जाएं।



