किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बुधवार से लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दोनों के शव गोलियों से छलनी हालत में बरामद किए गए। घटनास्थल से उनके सर्विस हथियार भी गायब मिले हैं। इस वजह से मामले में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक किसी आतंकी हमले की पुष्टि नहीं की है।
दोनों SPO के शव बरामद
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में तैनात थे।
लापता होने के बाद चलाया गया तलाशी अभियान
दोनों अधिकारियों के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस और सेना ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था। अब उनके शव मिलने और सर्विस हथियार गायब होने के बाद मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल, अधिकारियों की ओर से आतंकी हमले की पुष्टि नहीं की गई है।



