रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित जिला अस्पताल परिसर से स्वास्थ्य सिस्टम और इंसानियत को पूरी तरह शर्मसार कर देने वाला एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वायरल वीडियो में अस्पताल में तैनात एक महिला वार्ड बॉय मानसिक रूप से अस्वस्थ और लाचार युवक की बेरहमी से लात-चप्पलों से पिटाई करती हुई नजर आ रही है। गंभीर बात यह है कि जब महिला कर्मचारी युवक पर क्रूरता बरसा रही थी, तब वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड मूकदर्शक बनकर सब कुछ तमाशे की तरह देखता रहा, लेकिन उसने बीच-बचाव करने की कोई जहमत नहीं उठाई।
वायरल वीडियो के अनुसार, मानसिक रूप से बीमार युवक जमीन पर असहाय स्थिति में पड़ा हुआ था। इसी दौरान महिला वार्ड बॉय ने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते हुए उस पर चप्पलों से हमला कर दिया। महिला इतने पर ही नहीं रुकी, उसने जमीन पर बेबस पड़े युवक के सिर, पीठ और चेहरे पर कई बार ताबड़तोड़ लात मारी। इस अमानवीय हरकत का एकमात्र मकसद युवक को अस्पताल परिसर से खदेड़ना था। वीडियो के सामने आने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोपी महिला कर्मचारी के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।



