महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए एक युवक पर कुछ हमलावरों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसके दोनों हाथ और पैर काट डाले। इस नृशंस घटना में बीजेपी नेता के शामिल होने का आरोप लगा है, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है।
कैसे हुई वारदात?
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित समदनगर इलाके की है, जहां 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आया था। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने अचानक उस पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया और इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने हाईवे पर ही ताबड़तोड़ वार कर उसके दोनों हाथ और पैर काट डाले। लहूलुहान हालत में विक्की सड़क पर गिरकर तड़पने लगा, जबकि मौके पर मौजूद उसकी बदहवास मां कपड़े से बेटे के कटे अंगों को बांधने की कोशिश करती रही। इस खौफनाक मंजर को देखकर हर किसी की रूह कांप उठी।
बीजेपी नेता पर आरोप, इलाके में तनाव
वारदात की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत मरणासन्न देख डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित के भाई ने इस पूरे मामले में बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने का सीधा आरोप लगाया है। सत्ताधारी दल के नेता का नाम सामने आने के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



