डेस्क : महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET पेपर लीक मामले की जांच में आगरा कनेक्शन सामने आया है। ठाणे पुलिस की ओर से दाखिल करीब 3,500 पन्नों की चार्जशीट में आगरा की एक प्रिंटिंग प्रेस से प्रश्नपत्र बाहर निकाले जाने का दावा किया गया है। चार्जशीट के मुताबिक, महिम पत्रन प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाले कर्मचारियों ने कथित तौर पर जूते के इनसोल में प्रश्नपत्र छिपाकर प्रेस से बाहर निकाले।

जांच के अनुसार, इस मामले में आगरा के नरेश कुमार उर्फ निक्की, बाबूलाल कुशवाह और संजय शर्मा को आरोपी बनाया गया है। महाराष्ट्र पुलिस ने तीनों को पहले गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, प्रश्नपत्रों को बाहर निकालने के बदले कर्मचारियों को आठ-आठ हजार रुपये देने का लालच दिया गया था। इसके साथ ही आगरा में जमीन का प्लॉट दिलाने का भी वादा किए जाने की बात चार्जशीट में सामने आई है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रिंटिंग के दौरान कुछ प्रश्नपत्रों में छोटी-मोटी खराबी होने पर उन्हें डिस्पोजल बॉक्स में रखा जाता था। आरोप है कि इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर प्रश्नपत्रों को जूतों के इनसोल में छिपाकर बाहर निकाला गया। सुरक्षा कर्मियों की ओर से कपड़ों की तलाशी ली जाती थी, लेकिन जूतों की जांच नहीं हुई।

ठाणे पुलिस ने इस मामले में 18 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने चार्जशीट में जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने का दावा किया है।

‘बीजेपी गरीबों की भी दुश्मन है’, Akhilesh Yadav  का BJP सरकार पर बड़ा हमला!

शेयर करना
Exit mobile version