बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव में बुधवार को हुआ महापंचायत का आयोजन प्रदेश की राजनीति और सामाजिक आंदोलन का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है। चर्चित भरत तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर आयोजित इस महापंचायत में सुबह से ही कई किलोमीटर दूर से लोगों का हुजूम उमड़ना शुरू हो गया। पूरे बिलौटी गांव और आसपास के बक्सर-आरा फोरलेन इलाके को भरत तिवारी के न्याय की मांग वाले पोस्टर और बैनरों से पाट दिया गया है। हजारों की संख्या में युवा हाथों में तिरंगा लेकर और इंसाफ के नारे लगाते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचे। इस महापंचायत में तब हलचल और बढ़ गई, जब जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पीड़ितों को समर्थन देने बिलौटी गांव पहुंच गए। उनके मंच पर आते ही युवाओं और समर्थकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
करणी सेना, परशुराम महासभा सहित कई संगठनों की मौजूदगी, 10 राज्यों से आए लोग
बिलौटी गांव के समीप एक बड़े बगीचे में विशाल पंडाल बनाकर तैयार किए गए इस कार्यक्रम स्थल पर करणी सेना, परशुराम महासभा, हिंदू महासभा, ब्राह्मण महासभा और हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के शीर्ष प्रतिनिधि एकजुट हुए हैं। आयोजकों और आयोजन समिति के अनुसार, शाहपुर दियारांचल क्षेत्र के सैकड़ों वाहनों के काफिले के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत देश के करीब 10 राज्यों से लोग भरत तिवारी के परिजनों के साथ खड़े होने पहुंचे हैं। दावा किया जा रहा है कि इस ऐतिहासिक महापंचायत में 5 से 10 हजार से अधिक लोगों की भारी उपस्थिति रही है।
युवाओं का एक स्वर- ‘यह व्यवस्था और न्याय में विश्वास की लड़ाई है’
महापंचायत में पहुंचे किशोरों और युवाओं के वर्ग में इस घटना को लेकर सबसे गहरा आक्रोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं ने एक स्वर में कहा कि उनका उद्देश्य केवल भरत तिवारी को श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि व्यवस्था की मनमानी के खिलाफ उनके परिवार को न्याय दिलाना है। प्रदर्शनकारी युवाओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “यह लड़ाई सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं है, बल्कि बिहार की कानून-व्यवस्था और न्याय प्रणाली में आम जनता के विश्वास से जुड़ा एक बड़ा प्रश्न है। जब तक इस पूरे एनकाउंटर की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को जेल नहीं भेजा जाता, तब तक हमारा यह आंदोलन विभिन्न चरणों में लगातार जारी रहेगा।”



