मनोरंजन डेस्क : 80 और 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री और डांसर कल्पना अय्यर इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 70 वर्ष की आयु में भी अभिनय की दुनिया में सक्रिय रहने की इच्छा रखने वाली कल्पना ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर किया है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों और कास्टिंग प्रोफेशनल्स के साथ अपने अनुभवों को साझा किया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि वे किसी ‘डीवा’ की तरह बर्ताव की उम्मीद नहीं करतीं, लेकिन इंडस्ट्री के लोगों से कम से कम तमीज, इज्जत और स्पष्ट बातचीत की जरूर अपेक्षा रखती हैं।

इंस्टाग्राम पर अपने दिल का हाल बयां करते हुए कल्पना अय्यर ने लिखा कि वह समझती हैं कि समय बदल चुका है और आज की इंडस्ट्री का नया वर्किंग ऑर्डर अलग है। उन्होंने कहा कि अगर कोई प्रोजेक्ट उनके हाथ से निकल भी जाता है या लोग उनके साथ काम नहीं करना चाहते, तो कम से कम उन्हें इस बारे में सूचित किया जाना चाहिए ताकि वे स्थिति को समझ सकें। उन्होंने निर्माताओं और कास्टिंग डायरेक्टर्स से अपील की है कि वे बिना बात किए उनके बारे में कोई पूर्वाग्रह या अनुमान न लगाएं, बल्कि सीधे संपर्क करें क्योंकि वह हरसंभव बदलाव और विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार हैं।

बता दें कि कल्पना अय्यर एक बेहद प्रतिष्ठित अभिनेत्री, सिंगर और पूर्व मॉडल रही हैं। वह फेमिना मिस इंडिया 1978 में फर्स्ट रनर-अप रह चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने अपने करियर में ‘डिस्को डांसर’, ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘राजा हिंदुस्तानी’, ‘लूटमार’ और ‘हम साथ-साथ हैं’ जैसी 100 से अधिक फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। खासकर फिल्म ‘अरमान’ के लोकप्रिय गाने ‘रंभा हो’ पर उनकी डांस परफॉर्मेंस आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है। उनके इस पोस्ट के बाद अब बॉलीवुड के कई कलाकार उनके समर्थन में आगे आ रहे हैं।

03 सितम्बर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today Hindi News | CM Yogi | Akhilesh |Politics

शेयर करना
Exit mobile version