अलीगढ़ : स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होती है, लेकिन अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र से सामने आए एक मामले ने इस जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां फीस बकाया होने पर तीन मासूम बच्चों को स्कूल की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में बंद किए जाने का आरोप है। इतना ही नहीं, कमरे के बाहर गेट पर एक कुत्ता भी बैठा दिया गया। बताया जा रहा है कि कमरे में बंद बच्चे डरे-सहमे रहे।
अलीगढ़ में स्कूल प्रबंधन की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल,फीस बकाया होने पर 3 मासूम बच्चों को कमरे में बंद किया और बाहर कुत्ते को बैठाया। आखिर मासूमों का क्या कसूर? बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले स्कूल पर कब होगी सख्त कार्रवाई?, पुलिस-प्रशासन घटना को मैनेज करने में लगा हुआ है.
#AligarhNews #SchoolNews #UPNews #Bharatsamachar— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) November 27, 2026
फीस बकाया होने पर बच्चों को कमरे में बंद करने का आरोप
मामला टप्पल स्थित एमडी जनता पब्लिक स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाले तीन बच्चों की फीस बकाया थी। आरोप है कि इसी वजह से नर्सरी और यूकेजी में पढ़ने वाले तीनों बच्चों को स्कूल की ऊपरी मंजिल पर बने एक कमरे में बंद कर दिया गया।
आरोप यह भी है कि बच्चों को कमरे में बंद करने के बाद बाहर गेट पर कुत्ता बैठा दिया गया। कम उम्र के बच्चे कमरे में बंद होने के कारण डरे-सहमे रहे।
घर नहीं पहुंचे बच्चे तो परेशान हुए परिजन
जब स्कूल की छुट्टी के बाद भी बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोग बच्चों की तलाश में स्कूल पहुंचे। वहां बच्चों को कमरे में बंद किए जाने की जानकारी मिलने पर परिजन नाराज हो गए।
इसके बाद स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने बच्चों को कमरे में बंद किए जाने को लेकर स्कूल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जाहिर की।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और फीस वसूली के तरीकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फीस का मामला स्कूल और अभिभावकों के बीच का विषय हो सकता है, लेकिन छोटे बच्चों की सुरक्षा और उनके साथ व्यवहार को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है।



