लखनऊ: समाजवादी पार्टी के ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सपा के घोषणापत्र पर तीखा हमला बोला है। मायावती ने इसे कोरा हवाई वादा बताते हुए कहा कि यह जन-मन नहीं, बल्कि धन-मन वादी घोषणापत्र है। उन्होंने सपा के घोषणापत्र को ‘थोथा चना बाजे घना’ जैसा करार दिया।

मायावती ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के हितों के विरुद्ध रहा है। उन्होंने सपा को संकीर्ण, जातिवादी और धनासेठों का समर्थक बताया। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में पीडीए को छोड़कर बड़े धनासेठ को प्राथमिकता देना इसका ताजा उदाहरण है।

बसपा प्रमुख ने आगे कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बहुजन समाज पार्टी की नीति रही है। उन्होंने सपा पर अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण का विरोध करने का आरोप भी लगाया।

मायावती ने सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में उत्तर प्रदेश को जातिवादी द्वेष और दंगों से प्रभावित प्रदेश बना दिया गया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की ओर से किए जा रहे वादे चुनावी छल और छलावे के अलावा कुछ नहीं हैं।

मायावती ने जनता को सपा के चुनावी वादों से सावधान रहने की सलाह दी। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में सपा और बसपा के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत हैं। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा के घोषणापत्र को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Cabinet Meeting : PM मोदी की अध्यक्षता में होगी अहम बैठक, कई बड़े प्रस्तावों पर चर्चा!

शेयर करना
Exit mobile version