लखनऊ: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, तबादला-तैनाती की राजनीति और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर तीखी टिप्पणी की है। भारत समाचार के पॉडकास्ट में वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश मिश्रा से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर लेखपाल और सचिवों की तैनाती को लेकर जिलाधिकारियों पर अत्यधिक दबाव बनाया जाता है।

Divya Mittal | Podcast | IAS | Anupriya Patel | Mirzapur | Brajesh Misra | UP Politics |

दिव्या मित्तल ने बताया कि सेवाकाल के दौरान जब उनसे किसी खास लेखपाल या सचिव को मनचाही जगह तैनात करने को कहा जाता था, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के तहत यह काम अधिकारियों का है । उनके मुताबिक, यदि किसी क्षेत्र में काम नहीं हो रहा है तो जनप्रतिनिधि शिकायत करें, लेकिन तैनाती का अधिकार नियमों के अनुसार ही रहना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि गलत कामों के लिए संरक्षण पाने वाले कर्मी बाद में अपने स्तर पर भी अनियमितताओं में शामिल हो सकते हैं।

पॉडकास्ट में उन्होंने तबादला प्रक्रिया से जुड़ा एक वाकया साझा करते हुए कहा कि एक जिले में नियमानुसार सचिवों के तबादले हुए थे, लेकिन एक जनप्रतिनिधि की नाराजगी और फोन कॉल के बाद पूरा तबादला आदेश ही रोक दिया गया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि तीन साल से अधिक समय तक एक ही स्थान पर जमे लेखपालों और सचिवों को पूरी तरह क्यों नहीं हटाया जाता, और सीमित प्रतिशत में तबादले की नीति के पीछे क्या कारण है ।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संबंधों पर दिव्या मित्तल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि आईएएस अधिकारी के ऊपर होने चाहिए, लेकिन व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता भी जरूरी है। राजनीतिक पारी और बड़े पद की आकांक्षा से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि व्यवस्था में बदलाव के लिए तुरंत बड़ी कुर्सी होना जरूरी नहीं है; जब राजनीति में जनता और उनके बुनियादी मुद्दे केंद्र में आएंगे, तो दूसरों को भी उन्हीं मुद्दों पर बात करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा ।

शेयर करना
Exit mobile version