लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस बीच यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा ने कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है और पांच उम्मीदवारों की सूची जारी कर गठबंधन में शामिल कांग्रेस पर दबाव बनाने की कोशिश की है।

पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर उठाए सवाल

बुधवार को समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में ओपी राजभर ने कहा कि सपा ने पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा इसलिए की, ताकि मुस्लिम वोट चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन की तरफ न चले जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी का डर सता रहा है।

राजभर ने कहा, “समाजवादी पार्टी ने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया और कांग्रेस के साथ धोखा किया है। सपा की पांच सीटों की सूची जारी करने से दो बातें साफ हुई हैं। पहला कांग्रेस पर दबाव बनाना और दूसरा चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के गठबंधन को रोकना। मुस्लिम वोट ओवैसी के साथ न चले जाएं, इसलिए पांच उम्मीदवारों की सूची जारी कर PDA की बात की गई।”

‘इमरान मसूद को अखिलेश यादव ने थप्पड़ मारकर जवाब दिया’

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के ‘हम भिखारी नहीं हैं’ वाले बयान पर भी ओपी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करके कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

राजभर ने कहा, “इमरान मसूद जी ने बयान दिया कि हम मांगने नहीं आए हैं। अखिलेश यादव जी ने पांच सीटों की सूची जारी करके उन्हें थप्पड़ मारकर यह बता दिया कि हमने आपके घर में सूची जारी कर दी है, अब आपको जो करना है करिए।”

उन्होंने आगे कहा कि आज PDA खत्म हो गया है और समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है।

इमरान मसूद ने सीटों को लेकर जताई थी नाराजगी

दरअसल, सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी जारी है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की घोषणा पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि गठबंधन की बैठकें दिल्ली में हुई थीं और बातचीत के बीच इस तरह उम्मीदवारों की घोषणा करना उचित नहीं है।

मसूद ने कहा था, “हमने कभी आपसे 26 सीटें भी नहीं मांगीं। हम भिखारी नहीं हैं।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि जब सपा को अपने स्तर पर ही फैसले लेने हैं तो गठबंधन की बैठकों का क्या मतलब है?

सपा सांसद राजीव राय ने इमरान मसूद को दी नसीहत

इमरान मसूद के बयान पर सपा सांसद राजीव राय ने पलटवार करते हुए उन्हें संयम बरतने की सलाह दी थी। राजीव राय ने कहा था कि गठबंधन में शामिल नेताओं को सार्वजनिक बयान देते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए और शब्दों का चयन उचित होना चाहिए।

उन्होंने सपा के एकतरफा फैसला लेने के आरोपों को भी खारिज किया। राजीव राय के मुताबिक, पार्टी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि मौजूदा विधायकों वाली सीटों पर चर्चा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व इतना परिपक्व है कि बातचीत के जरिए मतभेदों को सुलझा सकता है।

सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का प्रस्ताव

2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे की बातचीत चल रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सपा ने शुरुआती दौर की बातचीत में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 120 सीटों की मांग कर रही है। कांग्रेस इससे कम सीटों पर सहमत नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों के बीच अगली बैठक 27 नवंबर को होने की संभावना है। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस से 26 प्राथमिकता वाली सीटों के अलावा अन्य संभावित सीटों की पहचान करने और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के तहत सर्वसम्मत उम्मीदवार तय करने की बात कही थी।

सपा ने इन पांच सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

समाजवादी पार्टी ने अपनी पहली सूची में पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

  • बेहट से उमर अली खान
  • सहारनपुर से आशु मलिक
  • कैराना से नाहिद हसन
  • अमरोहा से महबूब अली
  • ललितपुर से ज्योति लोधी

वहीं, बुधवार को सपा उम्मीदवार आशु मलिक से जब इमरान मसूद को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें किसी तरह का डर या दबाव नहीं है और वह खुलकर अपनी बात रख सकते हैं।

2022 में सपा को 111 और कांग्रेस को मिली थीं सिर्फ 2 सीटें

2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे केवल दो सीटों पर सफलता मिली थी।

इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत साथ आए। इस चुनाव में सपा ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटों पर जीत हासिल की थी।

अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बढ़ती तल्खी ने यूपी की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है।

Deoria में मजार पर Bulldozer चलाने का था दबाव! पूर्व IAS दिव्या मित्तल का बड़ा दावा

शेयर करना
Exit mobile version