लखनऊ: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताते हुए कहा कि जब दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही है तो फिलहाल उम्मीदवारों की सूची जारी करने से बचना चाहिए।
403 विधानसभा सीटों पर हो रही बातचीत- राजेंद्र पाल गौतम
कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने गठबंधन में 26 सीटों की चर्चा को खारिज किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर बातचीत चल रही है। बातचीत अंतिम रूप लेने के बाद ही गठबंधन की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के नेतृत्व को जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए और बयानबाजी से बचना चाहिए। यही दोनों दलों और सभी के हित में है।
सपा की 5 उम्मीदवारों की लिस्ट पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर राजेंद्र पाल गौतम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की घोषणा कभी भी की जा सकती है, लेकिन जब गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है तो फिलहाल इससे बचना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी और दोनों दलों के बीच सब कुछ ठीक हो जाएगा।
इमरान मसूद की नाराजगी पर भी दिया बयान
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि उनकी नाराजगी अपनी जगह सही है, क्योंकि वह उस क्षेत्र के सांसद हैं। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस मामले में सम्मानजनक फैसला करेगा।
कांग्रेस बोली- सम्मानजनक गठबंधन होना चाहिए
राजेंद्र पाल गौतम ने साफ किया कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन चाहती है, लेकिन यह सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारे यहां तानाशाही नहीं चलती है। तीन डिजिट में ही बात बनेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें नहीं पता कि समाजवादी पार्टी गठबंधन करना चाहती है या नहीं, लेकिन कांग्रेस की इच्छा है कि दोनों दलों के बीच सम्मान के साथ गठबंधन हो।
गठबंधन को लेकर दोनों दलों के बीच बढ़ी बयानबाजी
राजेंद्र पाल गौतम के इस बयान के बाद यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं। एक तरफ समाजवादी पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है, वहीं कांग्रेस सभी 403 सीटों पर बातचीत और सम्मानजनक सीट बंटवारे की बात कह रही है। अब देखना होगा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति कब तक बनती है।



