उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। आगरा से बहुजन समाज पार्टी के नेता आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी और वरिष्ठ सपा नेता रामगोपाल यादव पर तीखा हमला बोला है। आकाश आनंद ने सपा की रणनीति और नारों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ की परिभाषा समय के साथ बदलती रहती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में PDA में ‘P’ का मतलब ‘पता नहीं’ हो जाएगा, क्योंकि पार्टी के पास कोई स्पष्ट और स्थायी एजेंडा नहीं है।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने उसकी तुलना गिरगिट से की। उन्होंने कहा कि गिरगिट भले ही अपना रंग बदल लेता हो, लेकिन अपनी मूल आदत नहीं बदल पाता। आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन को लेकर भी बसपा नेता ने सपा को घेरा और इसे पूरी तरह स्क्रिप्टेड करार दिया। आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि केवल एक दिन के लिए समाजवादी पार्टी खुद को अंबेडकरवादी दिखाने की कोशिश कर रही थी, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है।
इस दौरान आकाश आनंद ने रामगोपाल यादव पर भी सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव ने दलितों का अपमान किया है और वह हमारे समाज के लोगों को बुरा-भला कहते हैं। आकाश आनंद ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जब किसी की नियत में खोट होती है, तो वह बात देर-सबेर उसकी जुबान पर आ ही जाती है। आगरा से आए आकाश आनंद के इन तीखे बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी पारा चढ़ गया है और बसपा व सपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं।



