ग्वालियर। प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान में सोमवार को बीसीए, एमसीए और एमबीए (इंटीग्रेटेड) के 2026 बैच के नए छात्रों के लिए ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। न्यू कन्वेंशन हॉल में हुए इस समारोह का मकसद नवागंतुकों का औपचारिक स्वागत करना और उनके शैक्षणिक सफर की शानदार शुरुआत कराना था।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने पवित्र दीप जलाकर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रिसीजन इंडस्ट्रियल सिस्टम्स के प्रबंध निदेशक आशीष वैश्य मुख्य अतिथि और चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रभात चोपड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इसी परिसर से बनेगा आपका भविष्य

संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. निर्मल्या बंद्योपाध्याय ने स्वागत भाषण में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जगह सिर्फ पढ़ाई के लिए नहीं, बल्कि खुद को गढ़ने और एक मजबूत भविष्य बनाने के लिए है।

उन्होंने सभी को इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। सीए प्रभात चोपड़ा ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि इस पड़ाव को सकारात्मक सोच के साथ अपनाएं और लगातार सीखते रहें।

अनुशासन और उत्साह से शुरू करें सफर

मुख्य अतिथि आशीष वैश्य ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे अपनी इस नई यात्रा को पूरे जोश, अनुशासन और सकारात्मकता के साथ शुरू करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपने ज्ञान और कौशल को लगातार निखारते रहें, ताकि भविष्य की पेशेवर चुनौतियों का डटकर सामना कर सकें।

दीक्षा बैंड बांधकर किया गया स्वागत

समारोह के दौरान सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दीक्षा बैंड बांधे गए, जो उनकी नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत का प्रतीक बना। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. अभिनंदन सिंह दंडोतिया और डॉ. रवीन्द्र बाबू ने छात्रों को आगामी अभिमुखीकरण कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा से अवगत कराया। अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया। पूरे कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

शेयर करना
Exit mobile version