बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर गाँव से ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर अपनी ही बेटी क्रांति की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात की वजह बेटी का फोन पर अपने प्रेमी से बात करना बताया जा रहा है, जिससे पिता बेहद नाराज था।

घटना के बाद आरोपी परिजनों ने लोकलाज और पुलिस से बचने के लिए समाज में यह अफवाह फैला दी कि युवती की मौत अत्यधिक उल्टी-दस्त होने (डायरिया) की वजह से हुई है। परिजन बिना किसी को भनक लगे शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को मामले की गुप्त सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सिरौली थाना प्रभारी (एसओ) विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तो रिपोर्ट में क्रांति की मौत की वजह गला दबाया जाना (अस्फीक्सिया) सामने आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतका के चाचा ने थाने में तहरीर दी। चाचा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका के पिता और दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

सपा कार्यालय के बाहर लगा Rajbhar समाज को लेकर पोस्टर, 2024 से 2026 तक की हत्याओं का जिक्र!

शेयर करना
Exit mobile version