गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सई उपवन इलाके में अंतरराष्ट्रीय टी-12 पैरा एथलीट चिराग त्यागी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि उनकी गोली मारकर हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

दिल्ली से घर लौट रहे थे चिराग

मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली गांव निवासी 24 वर्षीय चिराग त्यागी शनिवार को दिल्ली स्थित अपने हॉस्टल से घर लौट रहे थे। वह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अभ्यास करते थे और वहीं के हॉस्टल में रहते थे। परिवार के इकलौते बेटे चिराग पैरा एथलेटिक्स में देश का नाम रोशन कर रहे थे।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई थी पहचान

शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए चिराग त्यागी ने कम उम्र में ही खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी। हाल ही में बेंगलुरु के श्रीकांत रीवा स्टेडियम में आयोजित आठवीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर एशियाई पैरा गेम्स के लिए भी उनका चयन हुआ था और वह अक्टूबर 2026 में जापान में होने वाले खेलों की तैयारी कर रहे थे।

परिवार को फोन पर मिली मौत की सूचना

चिराग के चाचा राजेश त्यागी ने बताया कि परिवार को पहले एक फोन कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। बाद में चिराग के मोबाइल पर संपर्क करने पर पुलिसकर्मी ने फोन उठाकर बताया कि चिराग मृत अवस्था में मिले हैं। इसके बाद परिवार तत्काल पुलिस चौकी पहुंचा। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी।

सीसीटीवी के आधार पर एक आरोपी हिरासत में

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के अनुसार, पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि साई कुंज क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जांच के दौरान शव की पहचान चिराग त्यागी के रूप में हुई। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने यश खटिक नामक एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।

दस्तावेज सत्यापन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यश खटिक भी पैरा एथलेटिक्स से जुड़ा खिलाड़ी है और पहले चिराग के साथ अभ्यास करता था। दोनों ब्लाइंड कैटेगरी की प्रतियोगिताओं में भाग लेते थे। जांच में पता चला कि दस्तावेज सत्यापन से जुड़े एक मामले में चिराग ने यश के खिलाफ शिकायत की थी, जिसके चलते उसका क्वालिफिकेशन रद्द हो गया था। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने बदला लेने की नीयत से चिराग पर गोली चलाई।

हत्या में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच

पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए टीमों को लगाया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Ghaziabad Police के हाथ लगी बड़ी सफलता, सूर्या ह*त्याकांड का मुख्यआरोपी असद को मुठभेड़ में ढेर

शेयर करना
Exit mobile version