पीलीभीत। जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एकतरफा प्यार के चलते एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। वारदात मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन विभाग के भीतर उस समय हुई, जब छात्रा ड्यूटी पर थी। बीच-बचाव करने आई एक स्टाफ नर्स भी इस हमले में घायल हो गई। साथी स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया।
कौन हैं पीड़िता और आरोपी?
बरेली जनपद के थाना भुता क्षेत्र के गांव केसरपुर की रहने वाली 20 वर्षीय कशिश पटेल पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में ‘डिप्लोमा इन सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी’ के प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वहीं, कानपुर नगर के थाना अरौल स्थित गांव मडेवा निवासी 19 वर्षीय आरोपी सागर सिंह यहां एक्स-रे टेक्नीशियन का कोर्स कर रहा है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब कशिश सीटी स्कैन रूम में ड्यूटी कर रही थी, तभी कथित रूप से एकतरफा प्यार में पागल आरोपी सागर वहां पहुंचा और उसने चाकू से कशिश पर जानलेवा हमला बोल दिया।
स्टाफ नर्स ने बचाने की कोशिश की, खुद भी घायल
चीख-पुकार सुनकर कशिश को बचाने दौड़ीं मोहल्ला मालिक अहमद, पीलीभीत निवासी स्टाफ नर्स निधि सहगल को भी इस हमले में चोटें आईं। अस्पताल परिसर में हंगामा बढ़ता देख साथी स्टाफ ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी सागर को मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल कशिश को चिकित्सकों की टीम की निगरानी में प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत बरेली के भोजीपुरा स्थित श्रीराम मूर्ति स्मारक (एसआरएमएस) मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। भोजीपुरा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, मामले में तहरीर प्राप्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल घटनास्थल व अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।



