देश में परिसीमन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस लगातार भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर हमलावर है। वहीं, लोकसभा में परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर सरकार को कई विपक्षी दलों का समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने से जुड़े तीनों विधेयकों को सोमवार के विधायी एजेंडे में शामिल किया गया है। डीएमके और बीआरएस जैसे पारंपरिक विरोधी दलों ने भी इन विधेयकों के समर्थन का ऐलान किया है। हालांकि, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने फिलहाल ‘देखो और इंतजार करो’ की नीति अपनाई है।
डीएमके ने भी किया केंद्र सरकार का समर्थन
परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ चर्चा के लिए अपने प्रतिनिधियों को भेजा। इनमें टी.आर. बालू, एम. कनिमोझी और दयानिधि मारन शामिल रहे।
दक्षिण भारत की कई अन्य पार्टियों ने भी परिसीमन विधेयकों के समर्थन का रुख अपनाया है। इनमें एआईएडीएमके, टीडीपी, वाईएसआरसीपी, जन सेना, जेडीएस और बीआरएस शामिल हैं।
ओम बिरला ने डीएमके सांसदों को आवंटित की अलग सीटें
विधेयकों पर मतदान से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डीएमके के अनुरोध पर पार्टी सांसदों को उनके पूर्व सहयोगियों से अलग नई सीटें आवंटित की हैं।
शरद पवार की पार्टी ने भी दिया समर्थन
शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने भी कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सहयोगियों की आलोचनाओं को दरकिनार करते हुए केंद्र सरकार की इस पहल का समर्थन किया है।
इसके अलावा, तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने भी सरकार के पक्ष में मतदान करने की घोषणा की है। ये सांसद अब ‘नेशनल सिटिजन पार्टी ऑफ इंडिया’ के नाम से अलग गुट के रूप में मान्यता प्राप्त कर चुके हैं। सुदीप बंद्योपाध्याय के नेतृत्व में इस गुट ने विधेयकों का समर्थन करने का ऐलान किया है।
परिसीमन पर विपक्ष में बढ़ी राजनीतिक हलचल
परिसीमन विधेयकों को लेकर एक तरफ कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव जारी है, तो दूसरी तरफ कई विपक्षी दलों के समर्थन से केंद्र सरकार की स्थिति मजबूत होती दिखाई दे रही है। अब सोमवार को विधेयकों पर होने वाली संसदीय कार्यवाही पर सभी की नजरें टिकी हैं।



