शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) निवेश का एक ऐसा विकल्प है, जिसमें पहले से तय ब्याज दर के आधार पर रिटर्न मिलता है। बैंकों की ओर से सामान्य नागरिकों के मुकाबले वरिष्ठ नागरिकों को एफडी पर अधिक ब्याज दिया जाता है। इस समय कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंक सीनियर सिटीजन को एफडी पर 8.60 प्रतिशत तक ब्याज ऑफर कर रहे हैं। Equitas Small Finance Bank और Ujjivan Small Finance Bank की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को 8.60 प्रतिशत तक ब्याज दिया जा रहा है। वहीं, Suryoday Small Finance Bank और Utkarsh Small Finance Bank भी एफडी पर 8.50 प्रतिशत तक ब्याज ऑफर कर रहे हैं।
इन स्मॉल फाइनेंस बैंकों में मिल रहा सबसे ज्यादा ब्याज
Equitas Small Finance Bank की ओर से 3 साल और एक दिन की अवधि वाली एफडी पर वरिष्ठ नागरिकों को 8.60 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है। Jana Small Finance Bank की ओर से 3 साल की एफडी पर 8.30 प्रतिशत ब्याज ऑफर किया जा रहा है। वहीं, Shivalik Small Finance Bank 23 महीने और एक दिन से लेकर 27 महीने की अवधि वाली एफडी पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दे रहा है। AU Small Finance Bank की ओर से 30 महीने और एक दिन से लेकर 36 महीने की एफडी पर 7.90 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है।
इन निजी बैंकों में भी मिल रहा अच्छा ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों को एफडी पर बेहतर ब्याज देने वाले निजी बैंकों में Yes Bank, Bandhan Bank और IndusInd Bank भी शामिल हैं।
- Yes Bank: 8 प्रतिशत तक ब्याज
- Bandhan Bank: 7.95 प्रतिशत तक ब्याज
- IndusInd Bank: 7.85 प्रतिशत तक ब्याज
- RBL Bank: 18 महीने से लेकर 2 साल 3 दिन से कम अवधि की एफडी पर 7.80 प्रतिशत ब्याज
IDFC First और City Union Bank भी दे रहे अच्छा ब्याज
IDFC First Bank की ओर से 500 दिन से लेकर 2 साल तक की एफडी पर 7.50 प्रतिशत ब्याज ऑफर किया जा रहा है। वहीं, City Union Bank में 556 दिन से लेकर 3 साल तक की एफडी कराने वाले ग्राहकों को 7.50 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में भी 7.50% ब्याज
सरकारी बैंकों की बात करें तो Central Bank of India की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को 7.50 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है। यह ब्याज दर 2222 दिन से लेकर 3333 दिन की अवधि वाली एफडी पर लागू है। PaisaBazaar के आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में इतना ब्याज देने वाला यह सरकारी बैंक प्रमुख विकल्पों में शामिल है।



