पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) के पद पर रितब्रत बनर्जी की नियुक्ति को रद्द कर दिया है। अदालत ने स्पीकर के फैसले को अस्थिर बताते हुए इसे कानूनी रूप से उचित नहीं माना। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष को नियुक्ति पर दोबारा विचार करने और कारणों सहित नया आदेश पारित करने का निर्देश दिया है।
यह मामला तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ विधायक सोभनदेब चट्टोपाध्याय की याचिका से जुड़ा है। सोभनदेब ने विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें रितब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया था। दरअसल, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने इस पद के लिए सोभनदेब चट्टोपाध्याय के नाम की सिफारिश की थी, जबकि पार्टी के एक बागी गुट ने रितब्रत बनर्जी के समर्थन में दावा पेश किया था।
इस विवाद पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने भी कलकत्ता हाईकोर्ट को मामले का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया था। इससे पहले हाईकोर्ट की खंडपीठ ने रितब्रत बनर्जी की नियुक्ति को अंतिम फैसला आने तक अंतरिम व्यवस्था के तौर पर जारी रखने की अनुमति दी थी।
अब हाईकोर्ट ने नियुक्ति रद्द करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को नए सिरे से फैसला लेने का निर्देश दिया है।



