उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक बंटवारे के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही माता-पिता को कार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक वारदात में मृतक दंपति की बेटी गुलिस्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। यह घटना जिले के किशनी थाना क्षेत्र के दिब्बनपुर साहनी गांव की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजीव खान और उनकी पत्नी अकबरी बेगम का अपने बेटे अरमान के साथ पारिवारिक बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि अजीव खान अपनी पत्नी अकबरी बेगम और बेटी गुलिस्ता के साथ बाइक पर सवार होकर थाने से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपी बेटे अरमान ने कथित तौर पर तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारकर रौंद दिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने माता-पिता यानी अजीव खान और अकबरी बेगम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बेटी गुलिस्ता को बेहतर उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही किशनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी बेटे की तलाश और साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।



