मिर्ज़ापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़े अवैध नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। देहात कोतवाली पुलिस ने बरकछा नेशनल हाईवे के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्कर इस अवैध खेप को नारियल के बोरों के बीच चालाकी से छिपाकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें, पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए गांजे का कुल वजन 1,204 किलोग्राम है। फुटकर बाजार में इस खेप की कीमत 4 से 5 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गांजा उड़ीसा से मंगाया गया था, जिसे मिर्ज़ापुर के रास्ते प्रयागराज, भदोही और वाराणसी जैसे आसपास के जनपदों में सप्लाई किया जाना था। तस्करों का यह गैंग काफी समय से इस रूट पर सक्रिय था।

एसपी सिटी ने इस सनसनीखेज खुलासे की पूरी जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता के कारण एक बड़ा तस्कर नेटवर्क बेनकाब हुआ है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस और स्वाट टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क के तार और कहां-कहां फैले हुए हैं।

दिल्ली में कल होगी INDIA गठबंधन की बड़ी बैठक, तैयारियां कैसी? देखिए ग्राउंड रिपोर्ट

शेयर करना
Exit mobile version