नई दिल्ली: विपक्षी INDIA गठबंधन 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी विरोध रैली आयोजित करने जा रहा है। इस रैली के जरिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाएगा। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं। विपक्षी दल इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए खतरा बताते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

INDIA गठबंधन की रैली से कई बड़े दलों ने बनाई दूरी

INDIA गठबंधन की इस रैली में कई प्रमुख विपक्षी दल शामिल नहीं होंगे। आम आदमी पार्टी (AAP), DMK, AIMIM और BJD ने रैली से दूरी बनाई है। वहीं, तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की भागीदारी को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दिल्ली चुनाव के बाद राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। AAP ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी का मुकाबला कांग्रेस और अकाली दल से है। दूसरी तरफ, DMK और कांग्रेस के बीच भी TVK की वजह से दूरियां बढ़ी हैं। TVK नई सरकार होने के कारण केंद्र सरकार के साथ किसी तरह का टकराव नहीं चाहती है।

SIR को लेकर विपक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

इस रैली का मुख्य मुद्दा चुनाव आयोग की ओर से कराया जा रहा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) है। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं।

इसके अलावा तकनीक के इस्तेमाल और मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। विपक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं की। इसी मुद्दे को लेकर INDIA गठबंधन ने देशव्यापी विरोध अभियान के तहत दिल्ली में रैली आयोजित करने का फैसला किया है।

खरगे, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत कई नेता होंगे शामिल

INDIA गठबंधन की इस रैली में कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल होंगे।

वहीं, TMC की ओर से ममता बनर्जी के प्रतिनिधि के रूप में डेरेक ओ’ब्रायन, समाजवादी पार्टी की ओर से पार्टी के प्रतिनिधि और RJD की ओर से तेजस्वी यादव समेत पार्टी के अन्य प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की ओर से हेमंत सोरेन भी रैली में हिस्सा लेंगे।

छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी न्योता

1 नवंबर को होने वाली यह रैली केवल राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रहेगी। आयोजकों की ओर से छात्र संगठनों, युवा समूहों, नागरिक समाज संगठनों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। INDIA गठबंधन इस विरोध प्रदर्शन के जरिए SIR के मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाने की तैयारी में है।

BJP ने रैली पर उठाए सवाल

दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगी दलों ने विपक्ष के आरोपों की आलोचना की है। भाजपा ने रैली के आयोजन के समय और विपक्ष के दावों पर सवाल उठाए हैं। वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि उसके फैसलों को कानूनी आधार प्राप्त है।

अब सबकी नजरें 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली पर टिकी हैं। खास बात यह होगी कि विपक्षी एकजुटता के इस प्रदर्शन में कौन-कौन से दल शामिल होते हैं और कौन इससे दूरी बनाए रखता है।

31 अक्टूबर की 25 बड़ी खबरें |Top 25 News | UP News | Today News | CM Yogi | Akhilesh | Politics

शेयर करना
Exit mobile version