संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में कई भारतीय मजदूरों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह खौफनाक हादसा उस समय हुआ जब मजदूरों को ले जा रही एक मिनीबस, सड़क के बीचों-बीच तकनीकी खराबी के कारण खड़े एक भारी ट्रक से पीछे से जाकर जोरदार तरीके से टकरा गई।
खराब खड़े ट्रक को नहीं देख पाया बस ड्राइवर
दुबई पुलिस के जनरल डिपार्टमेंट ऑफ ट्रैफिक के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि तकनीकी खराबी के चलते एक ट्रक एमिरेट्स रोड पर अचानक बीच सड़क में ही रुक गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही मिनीबस का चालक कथित तौर पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने में नाकाम रहा और उसका ध्यान भटकने की वजह से तेज रफ्तार बस सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत बेहद नाजुक और चार की हालत मध्यम बताई जा रही है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने शुरू की मदद, घायलों से की मुलाकात
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और पीड़ितों व उनके परिवारों को हर संभव कानूनी और मानवीय सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं। भारतीय अधिकारियों की एक टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर घायल भारतीयों से मुलाकात की और उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। फिलहाल दुबई पुलिस की ट्रैफिक एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन टीम मामले की बारीकी से जांच कर रही है और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया है।



