टिकैतनगर क्षेत्र के सिहोरिया गांव में गुरुवार आधी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोप है कि ताजिया के दौरान एक व्यक्ति को घर से बुलाकर उसकी जीभ काट दी गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। परिवार ने तंत्र-मंत्र करने वाले मौलवी पर हत्या का आरोप लगाया है।
घर से बाहर बुलाकर वारदात का आरोप
मृतक के भाई दुखीराम के अनुसार, परिवार के अन्य सदस्य गांव में ताजिया देखने गए थे। घर पर उसका भाई सुकई एक छोटे बच्चे के साथ अकेला था। आरोप है कि गांव के मैनुद्दीन ने फोन कर सुकई को घर के बाहर बुलाया। वहां पहले से मौजूद खजुरी गांव के मौलवी गुल्ले हिदायत रसूल ने मांस काटने वाले चापर से उसकी जीभ काट दी।
चीख सुनकर पहुंचे लोग, आरोपी फरार
सुकई की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गया। परिवार के पहुंचने तक सुकई की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का आरोप
परिवार का आरोप है कि मौलवी गुल्ले हिदायत रसूल झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र करता था। बताया जा रहा है कि उसने ताजिया रखी थी और इसी दौरान साजिश के तहत सुकई को बुलाया गया था। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।



