केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पद छोड़ने के ठीक दो हफ्ते बाद बीजेपी सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे को लेकर चुप्पी तोड़ी है। शनिवार को भुवनेश्वर की जीएम यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जेन जी को गुमराह करने की कोशिशें की गईं और इसी वजह से उन्होंने अपना पद छोड़ने का फैसला किया। प्रधान ने साफ कहा कि उनके लिए कुर्सी कभी मायने नहीं रखती थी, बल्कि देश के बच्चों का भविष्य सबसे ज्यादा अहम था।

जेन जी हमारे बच्चे हैं, कुछ लोगों ने भटकाया

प्रधान ने अपने संबोधन में कहा, “जेन जी यानी आज की युवा पीढ़ी हमारे अपने बच्चे हैं। कुछ लोगों ने जानबूझकर उन्हें भड़काने और गुमराह करने का काम किया। ऐसे में मेरा कोई निजी स्वार्थ नहीं था। पिछले दस सालों में देश में 20 करोड़ बच्चे पैदा हुए हैं, जिनकी अपनी उम्मीदें हैं और यही पीढ़ी भारत को विश्व गुरु बनाएगी। मेरे लिए पद से ज्यादा जरूरी ये बच्चे थे।” उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात कर मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी, जिसके बाद 25 जुलाई को उन्होंने मंत्रालय छोड़ दिया।

बीजेडी और नवीन पटनायक पर साधा निशाना

प्रधान ने रायराखोल में एक अन्य सभा के दौरान ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक पर जमकर हमला बोला। एयरपोर्ट के बाहर बीजेडी के युवा और छात्र कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “मैं एक किसान का बेटा हूं। आप मुझे वापस जाने को कहेंगे तो भी मैं वापस आऊंगा। लेकिन नवीन बाबू मुझे ओडिशा के लोगों के लिए शर्म की बात और बुरा इंसान बताते हैं।” प्रधान ने सवाल उठाया कि क्या उन्होंने कभी कोई ऐसा काम किया, जिससे प्रदेश को शर्मिंदा होना पड़ा हो। उन्होंने कहा, “शायद मैं राज्य का नाम रोशन न कर पाऊं, लेकिन अपने काम से कभी किसी को शर्मिंदा नहीं किया और न ही कभी ऐसा करूंगा।”

बीजेडी विधायक से सलाह लेकर आया हूं

प्रधान ने बताया कि बीजेडी के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ विधायक और विधानसभा में उप-नेता प्रसन्ना आचार्य से सलाह ली थी कि उन्हें वहां जाना चाहिए या नहीं। प्रसन्ना आचार्य ने उन्हें आने का भरोसा दिलाया और कहा कि उनका स्वागत होगा। प्रधान ने कहा कि वह उन्हीं की इजाजत लेकर वहां पहुंचे हैं। इस मौके पर प्रसन्ना आचार्य खुद भी मंच पर मौजूद थे।

"भारत में रहना है तो वंदे मातरम् गाना है", सीएम योगी का बड़ा बयान

शेयर करना
Exit mobile version