अमेरिका के टेक्सस राज्य में बुधवार को एक बड़ा सैन्य हादसा सामने आया। यहां अमेरिकी सेना का AH-64 अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर बेल काउंटी इलाके में एक खेत में गिरा। क्रैश के बाद घटनास्थल पर आग लग गई, जिसके चलते आसपास के कई घरों को खाली कराना पड़ा।
हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया
बेल काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता क्लिफ कोलमैन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर में मौजूद दोनों क्रू सदस्यों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर किसी इमारत या घर से नहीं टकराया था, बल्कि यह एक भीषण दुर्घटना थी। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फोर्ट हुड की क्रिमिनल इनवेस्टिगेशन डिवीजन मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
ब्रिगेडियर जनरल एथन डिवेन ने कहा कि सेना की पहली प्राथमिकता घटनास्थल को सुरक्षित करना और राहत कार्यों में सहयोग करना है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले जवानों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



