हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में गुरुवार सुबह एक ऐसी बर्बर वारदात हुई, जिसने पूरे शहर को दहला दिया। नकाबपोश बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर की उस वक्त ताबड़तोड़ गोलियाँ मारकर हत्या कर दी, जब वह जिम के बाहर युवाओं को वार्मअप करा रहा था। महज पाँच सेकंड के भीतर करीब 10 राउंड फायरिंग की गई और पूरी वारदात वहाँ लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
वीडियो में कैद हुई दरिंदगी
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ नज़र आ रहा है कि जिम ट्रेनर कपिल (25) रोज़ की तरह सुबह करीब छह बजे जिम के बाहर युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे थे। तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश हमलावर वहाँ पहुँचे और किसी को कुछ समझ आता, उससे पहले ही उन्होंने कपिल की पीठ और सिर को निशाना बनाकर लगातार फायरिंग शुरू कर दी। गोलियाँ लगते ही कपिल वहीं गिर पड़ा। इस दौरान जिम में प्रैक्टिस कर रही शिखा नामक युवती भी गोली की चपेट में आ गई, जिसके कंधे और पैर में गोली लगी है। उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलियों की आवाज़ सुनते ही वहाँ भगदड़ मच गई और हमलावर मौके से आसानी से फरार हो गए।
अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, पत्नी मायके में
मृतक कपिल मूल रूप से जींद जिले के डालमवाला गाँव का रहने वाला था और हांसी के शांति निकेतन क्षेत्र में रहकर पिछले तीन साल से रेड जिम का संचालन कर रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही उसने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था और उसकी पत्नी फिलहाल अपने मायके में रह रही है। पुलिस इस एंगल की भी जाँच कर रही है कि कहीं यह हत्या अंतरजातीय विवाह की रंजिश का नतीजा तो नहीं।
पूरी रेकी करके दिया वारदात को अंजाम?
मौके पर पहुँची पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक टीम ने जाँच शुरू कर दी है। घटनास्थल से 10 खोखे बरामद हुए हैं। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि कई टीमें गठित कर दी गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जाँच में पुलिस को आशंका है कि हमलावर कपिल की दिनचर्या से पूरी तरह परिचित थे और पूरी रेकी करने के बाद ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल हत्या के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जाँच कर रही है।



