ललितपुर : उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जाखलौन क्षेत्र के धौरा रेलवे स्टेशन के पास एक महिला ने अपनी दो बच्चियों के साथ ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। इस हादसे में महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची की जान बच गई।
घटना सोमवार सुबह धौरा रेलवे गेट के पास हुई। मृतका की पहचान धौरा गांव निवासी दीपा (35) के रूप में हुई है। दीपा की शादी करीब 6 साल पहले पाली थाना क्षेत्र के चंदेरा गांव निवासी विक्की यादव से हुई थी। पति मिठाई बनाने का काम करता है।
शराब पीने के बाद वह अक्सर पत्नी से विवाद और मारपीट करता था
बता दे कि दीपा के तीन बच्चे थे, जिनमें बड़ी बेटी शिवांगी (5), दूसरी बेटी शुभांगी (4) और बेटा कृष (2) शामिल थे। बताया जा रहा है कि दीपा अपनी मां-बाप की इकलौती संतान थी, इसलिए शादी के बाद भी वह पिछले कई वर्षों से अपने मायके धौरा में पति और बच्चों के साथ रह रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपा का पति शराब का आदी था। आरोप है कि शराब पीने के बाद वह अक्सर पत्नी से विवाद और मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर दीपा ने यह कदम उठाया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना में दीपा, उसकी बेटी शिवांगी और बेटे कृष की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी शुभांगी सुरक्षित बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पति से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित चौकी प्रभारी विनय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



