कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कुर्तियां गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने टीनशेड में घुस गया। हादसे में शेड के नीचे बैठे पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कुर्तियां गांव निवासी 55 वर्षीय लालजी पुत्र गनपत अपनी 50 वर्षीय पत्नी ज्ञानमती, 10 वर्षीय पौत्र आदर्श पुत्र अनिल कुमार और आठ वर्षीय नाती सत्यम पुत्र राजेश निवासी पकरी आराजी, थाना दुधारा के साथ सोमवार सुबह घर के बाहर सड़क किनारे बने टीनशेड में बैठे थे।
सत्यम अपने मामा अनिल कुमार के घर आया हुआ था। इसी दौरान खलीलाबाद की ओर से बस्ती जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और टीनशेड को तोड़ते हुए चारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने चालक पर तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। घटना से मृतकों के परिवार में मातम पसरा है। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।



