उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र के नगला देवजीत गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छुट्टी पर आए BSF जवान ने कथित रूप से विवाद के बाद अपनी पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति घर के बाहर बरामदे में जाकर सो गया।
जानकारी के मुताबिक, नगला देवजीत निवासी संजेश यादव BSF में जवान है और उसकी तैनाती जम्मू में है। वह करीब 10 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया था। गांव में उसकी 32 वर्षीय पत्नी नीतू अपने नौ वर्षीय बेटे निखिल के साथ रहती थी।
शनिवार रात खाना खाने के बाद दंपती कमरे में सोने चले गए, जबकि बेटा आंगन में चारपाई पर सो रहा था। देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद जब नीतू सो गई तो संजेश ने आंगन में रखे फावड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पति बरामदे में जाकर सो गया। रविवार सुबह करीब आठ बजे नौ वर्षीय निखिल कमरे में पहुंचा तो उसने मां को खून से लथपथ हालत में देखा। मां का शव देखकर बच्चे की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए और उन्होंने आरोपी संजेश को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से भी धक्कामुक्की की बात सामने आई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस पूछताछ में बेटे निखिल ने बताया कि रात में माता-पिता के बीच विवाद हुआ था और पिता नशे की हालत में थे।
मृतका के भाई नवनीत ने आरोपी संजेश और उसकी बहन रेखा यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही नीतू को प्रताड़ित किया जा रहा था। चार साल पहले भी मारपीट को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन समझौते के बाद नीतू को वापस ससुराल भेज दिया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया, “संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मृत्यु की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि पति द्वारा ही महिला की हत्या की गई है। आरोपित को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।”



