उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के त्योहार के दिन एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की इस वारदात को इतनी चालाकी से अंजाम दिया गया कि आरोपी ने मृतक को ‘कुर्बानी’ दिखाने के बहाने अपने पास बुलाया था। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कुर्बानी दिखाने के बहाने रंजिश का बदला
यह पूरी वारदात गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सूर्या के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम असद है। बताया जा रहा है कि असद और सूर्या के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। हालांकि, कुछ समय पहले दोनों के बीच समझौता हो गया था और दोनों में दोबारा दोस्ती हो गई थी।

लेकिन आरोपी असद के मन में पुरानी रंजिश अभी भी बरकरार थी। बकरीद के दिन असद ने इसी रंजिश के तहत एक खौफनाक साजिश रची। उसने सूर्या को फोन कर ‘कुर्बानी’ देखने के बहाने अपने पास बुलाया। जैसे ही सूर्या वहाँ पहुँचा, असद ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ सूर्या को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी असद फरार, हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी असद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। त्योहार के दिन हुई इस हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही कई हिंदू संगठन मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने इस वारदात के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया। हिंदू संगठनों ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी: पुलिस
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए खोड़ा थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले पर बयान जारी करते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने कहा, “फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार आरोपी असद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”

Rahul Gandhi ने Park में बैठकर Auto Drivers से क्या बातचीत की, अब खुद ऑटो ड्राइवर्स ने सब बता दिया

शेयर करना
Exit mobile version