ग्रेटर नोएडा: कांवड़ यात्रा को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिले में मंगलवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन के निर्देश के बाद सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
बता दे कि सोमवार को कई निजी स्कूलों ने बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई गई थी । अभिभावकों को स्कूलों की ओर से मैसेज भेजकर इसकी जानकारी दी गई थी। हालांकि सरकारी स्कूलों में सामान्य दिनों की तरह कक्षाएं संचालित हुईं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार मंगलवार को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। उन्होंने साफ किया कि आदेश का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ मार्गों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
वही जेवर, जहांगीरपुर, दनकौर और रबूपुरा क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान जाम या किसी तरह की परेशानी की स्थिति न बने।
जेवर-खुर्जा मार्ग पर बदली यातायात व्यवस्था
जेवर क्षेत्र में कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया गया है। जेवर-खुर्जा मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं। वहीं दनकौर और रबूपुरा इलाके में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने डीएम मेधा रूपम के साथ कांवड़ मार्गों और नानकेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



