अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से सोशल मीडिया पर लाइक्स, फॉलोवर्स और व्यूज पाने के लिए किए जाने वाले हथकंडों का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले एक दूल्हे और तीन लड़कियों की शादी का मामला काफी चर्चा में आया था, जिसमें जांच के दौरान एक लड़की नाबालिग पाई गई थी। अब इस मामले में नया मोड़ आया है जब अमरोहा जिले के गांव धौरिया की रहने वाली ये सभी लड़कियां खुद बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश हुईं।
बता दें, बाल कल्याण समिति के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए लड़कियों ने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने वास्तव में कोई शादी नहीं की थी। उन्होंने खुलासा किया कि सोशल मीडिया पर अपने फॉलोवर्स और व्यूज बढ़ाने के चक्कर में यह कथित शादी का पूरा नाटक रचा गया था और इसका वीडियो शूट किया गया था। इस खुलासे के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चल रही जांच को एक नई दिशा मिल गई है।
प्रारंभिक जांच में जब एक लड़की के नाबालिग होने की बात सामने आई थी, तब CWC ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया था। अब लड़कियों के इस बयान के बाद कि यह केवल सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने का एक स्टंट था, समिति और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया की चकाचौंध में कानून और नैतिकता की सीमाओं को ताक पर रखने वाले ट्रेंड्स पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



