नई दिल्ली। भारतीय विमानन उद्योग इन दिनों एक के बाद एक आ रही तकनीकी गड़बड़ियों, क्रू की लापरवाही और इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाओं से बुरी तरह घिरा हुआ है। फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट हो या कोलकाता-चेन्नई इंडिगो विमान—हर तरफ सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। आइए जानते हैं पिछले कुछ दिनों में क्या-क्या बड़ी घटनाएं हुईं।

इंडिगो फ्लाइट का बायां इंजन फेल, चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी

कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E-723 के बाएं इंजन में लैंडिंग से ठीक पहले खराबी आ गई। विमान में 224 लोग सवार थे। पायलट की सूचना मिलते ही चेन्नई एयरपोर्ट पर रात 11:29 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। आठ मिनट बाद रात 11:37 बजे विमान ने रनवे 25 पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।

वाराणसी एयरपोर्ट पर 2 घंटे ठप रहा संचालन

वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण करीब दो घंटे तक कोई भी विमान उड़ान नहीं भर सका और न ही कोई लैंड कर पाया। एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, समय रहते खराबी पकड़ में आ गई और जरूरी जांच के बाद उसे ठीक कर दिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया।

स्पाइस जेट का एसी फेल, यात्रियों ने किया हंगामा

दिल्ली से पुणे जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट में उड़ान भरने से पहले ही एसी खराब हो गया, जिससे विमान के अंदर गर्मी बढ़ गई और यात्री भड़क उठे। एसी की खराबी से परेशान यात्रियों के हंगामा करने के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।

फुकेट-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट का पायलट गांजा पीकर उड़ा रहा था विमान

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2379 में अचानक 300 फीट की गिरावट से 24 लोग घायल हो गए थे। इस मामले में अब एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मुख्य पायलट का पहला डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद जब सैंपल दूसरी लैब भेजा गया, तो उस रिपोर्ट ने भी गांजा के सेवन की पुष्टि कर दी।

जांच में अब यह भी सवाल उठ रहा है कि हादसे के वक्त पायलट कॉकपिट में अपनी सीट पर मौजूद थे या नहीं, क्योंकि विमान को स्थिर करने और दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराने का काम को-पायलट ने किया। इस पूरे मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने अपने हाथ में ले ली है।

जेवर एयरपोर्ट पर बारिश से भरा पानी

उधर, तेज बारिश का असर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी साफ देखने को मिला। एयरपोर्ट के फोरकोर्ट को पार्किंग एरिया से जोड़ने वाले अंडरपास में कई फीट तक पानी भर गया, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। नोएडा एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि कम समय में हुई अत्यधिक बारिश के कारण कुछ देर के लिए पानी जमा हो गया था, लेकिन टीमों की तत्काल कार्रवाई से आधे घंटे के भीतर पानी निकालकर आवागमन सामान्य कर दिया गया।

गांजा फूंककर Air India का विमान उड़ा रहा था पायलट, अचानक गिरा 300 फीट नीचे, डोप टेस्ट में बड़ा खुलासा

शेयर करना
Exit mobile version