लखनऊ: राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। हिमांशी नाम की युवती की शादी मात्र पांच महीने पहले हुई थी, लेकिन दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी जान ले ली गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर इटौंजा थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
दहेज में दिए थे 8 लाख रुपये
मृतका के पिता का आरोप है कि उन्होंने शादी में अपनी हैसियत के अनुसार 8 लाख रुपये का दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि पति प्रदीप गौड़ और उसके परिवार ने लगातार हिमांशी का उत्पीड़न किया और अंततः उसकी हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद शव को नगराम क्षेत्र में ठिकाने लगा दिया गया था। घटना के बाद आरोपी पति अपने पूरे परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर फरार हो गया था।
पठानकोट से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी पति प्रदीप गौड़ को पंजाब के पठानकोट से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पति समेत कुल 5 आरोपियों को दबोच लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हिमांशी का शव बरामद कर लिया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इंसाफ की मांग
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने योजनाबद्ध तरीके से हिमांशी को मौत के घाट उतारा। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने मांग की है कि आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी कर आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सजा दिलवाई जाएगी।



