आगरा। धूलियागंज फुव्वारा क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात करीब तीन बजे अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे की ओर धंस गया और देखते ही देखते वहां गहरा गड्ढा बन गया। इस धंसाव की चपेट में एक बाइक और टोरेंट का बॉक्स भी आ गया। राहत की बात यह रही कि उस वक्त वहां कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
सड़क के नीचे दिखी गहरी खोखली जगह
सुबह करीब छह बजे घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद आरती शर्मा मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। सड़क के नीचे बनी गहरी खाली जगह देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए। फंसी बाइक और टोरेंट का बॉक्स इस बात का सबूत था कि धंसाव कितना भयानक था। पार्षद ने तुरंत नगर आयुक्त, टोरेंट और पुलिस को पूरी जानकारी देकर संबंधित टीमों को मौके पर भेजने की मांग की।
‘स्पेस टेक्नोलॉजी’ बताकर कसा तंज
इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। अपूर्व शर्मा नाम के यूजर ने सड़क धंसने की तस्वीर शेयर करते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में इसे ‘स्पेस टेक्नोलॉजी’ का नजारा करार दिया। तस्वीर सामने आने के बाद लोगों ने सड़क के नीचे की हालत और भूमिगत पाइपलाइनों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए।
पानी सप्लाई रोककर जांच की मांग
पार्षद आरती शर्मा ने मांग की है कि सुरक्षा के लिहाज से तुरंत पानी की सप्लाई बंद कराई जाए और नगर निगम, टोरेंट तथा संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर सड़क के नीचे की पूरी स्थिति की जांच करें। साथ ही गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कराकर रास्ते को सुरक्षित किया जाए। उनका कहना है कि असली वजह जाने बिना सिर्फ ऊपर से सड़क की मरम्मत कर देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा। सड़क धंसने की असल वजह पानी का रिसाव, पाइपलाइन में लीकेज या जमीन के भीतर मिट्टी का कटाव हो सकती है, जिसकी तकनीकी जांच जरूरी है।



