सीतापुर। जिले के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब आठ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो सगे भाइयों की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कल्ली-नैमिष मार्ग पर तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कदम्ब के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कैसे हुआ पूरा हादसा?
जानकारी के मुताबिक, कार में चार लोग सवार थे। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही कार कल्ली-नैमिष मार्ग पर पहुंची, अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत राहत-बचाव का काम शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मछरेहटा अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में दोनों भाइयों ने तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने बनारस निवासी आकाश गुप्ता (30) और उनके छोटे भाई यश गुप्ता (25) को मृत घोषित कर दिया। दोनों राजीव गुप्ता के बेटे थे। वहीं, कार में सवार उनकी मां नंदनी गुप्ता (50) की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सीतापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार चालक भी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और कार का अनियंत्रित होना बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की गहराई से जांच कर रही है।



