अयोध्या में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित राम मंदिर दौरे को लेकर विवाद जारी है। इस बीच बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या साधु-संतों की नगरी है और यहां सभी धर्मों और जातियों के लोगों का सम्मान किया जाता है। अयोध्या में जो भी दर्शन-पूजन करने आता है, उसका स्वागत होना चाहिए।

‘अयोध्या में सभी का सम्मान है’

इकबाल अंसारी ने कहा, “अयोध्या साधु-संतों की नगरी है। विरोध कौन कर रहा है और अब क्या हो रहा है, इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है। हम तो बस इतना जानते हैं कि अयोध्या में सभी का सम्मान है। यहां सभी धर्मों और जातियों के मंदिर हैं। सभी को यहां आकर दर्शन-पूजन करना चाहिए। वे भी यहां पूजा-पाठ करें।”

विरोध करने वालों पर क्या बोले इकबाल अंसारी?

अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की चर्चा के बीच कुछ साधु-संतों की ओर से विरोध की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि, इकबाल अंसारी ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कौन साधु-संत विरोध कर रहा है।

उन्होंने कहा, “साधु-संतों में से कौन विरोध कर रहा है और कौन नहीं, यह हम नहीं जानते। हम सभी का सम्मान करते हैं। अयोध्या में जो भी दर्शन करने आएगा, उसका हमारे लिए पूरा सम्मान है। उनका स्वागत करने वाले भी यहां बहुत लोग हैं। कोई भी आए, हमारे लिए सभी सम्मान के पात्र हैं।”

‘अयोध्या सभी की है, आने वाले हर व्यक्ति का सम्मान’

इकबाल अंसारी ने आगे कहा, “साधु-संतों का अपना काम है, वे अपना काम करेंगे और पूजा-पाठ करेंगे। अयोध्या सभी की है और हमारे लिए यहां आने वाले हर व्यक्ति का सम्मान है।”

इकबाल अंसारी का यह बयान अखिलेश यादव के प्रस्तावित राम मंदिर दौरे को लेकर चल रही सियासी और धार्मिक बहस के बीच आया है। उनके बयान को धार्मिक सौहार्द और सभी के सम्मान का संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है।

आजम खान की ED रिमांड का आज आखिरी दिन, PMLA कोर्ट में होगी पेशी

शेयर करना
Exit mobile version