भारत और चीन के बीच सीमा पर चल रहे तनाव के बीच बीजिंग की तरफ से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आ गई है। चीन ने बुधवार को कहा कि चीन-भारत सीमा पर हालात फिलहाल आम तौर पर स्थिर हैं। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास चीनी सेना की गतिविधियां बढ़ने से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स पर सीधे तौर पर कोई भी टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया।

हाल ही में चीन से यह सवाल पूछा गया था कि क्या हाल ही में भारत के साथ सीमा पर कोई सैन्य घटना हुई है और क्या चीन ने उस क्षेत्र के पास अपनी सैन्य ताकत बढ़ाई है, जिसे चीन अपने नापाक दावों के तहत ‘दक्षिण तिब्बत’ का हिस्सा बताता है। इस पर चीनी प्रवक्ता गुओ ने कूटनीतिक जवाब देते हुए कहा, “चीन-भारत सीमा पर हालात फिलहाल आम तौर पर स्थिर हैं।” उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि दोनों देशों ने पिछले हफ्ते ही चीन-भारत सीमा मामलों पर बातचीत और समन्वय के लिए वर्किंग मैकेनिज्म (WMCC) की 36वीं बैठक में हिस्सा लिया था। उन्होंने दोहराया कि दोनों पक्ष राजनयिक और सैन्य माध्यमों से लगातार संवाद बनाए रखने और सीमावर्ती इलाकों में शांति व स्थिरता कायम रखने पर सहमत हुए हैं।

भारत ने दिया था कड़ा संदेश

गौरतलब है कि चीन का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत ने मंगलवार को बेहद कड़े शब्दों में यह स्पष्ट कर दिया था कि वह चीन के साथ सीमावर्ती इलाकों के मामलों को पूरी गंभीरता से लेता है। भारत ने जोर देकर कहा था कि लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है, क्योंकि सीमा के हालात ही दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की दिशा तय करते हैं। यह तल्खी अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी इलाके में चीनी सैनिकों की आक्रामक हरकतों की खबरों के बाद सामने आई थी।

इसके अलावा, नई दिल्ली ने अरुणाचल प्रदेश में 27 जगहों और भौगोलिक विशेषताओं के मानकीकृत नाम रखने के ड्रैगन के बेतुके प्रयासों की कड़ी आलोचना की थी। भारत ने दो टूक शब्दों में कहा था कि अरुणाचल प्रदेश देश का एक अभिन्न और अटूट हिस्सा है और दुनिया की कोई भी ताकत इस निर्विवाद सत्य को कभी नहीं बदल सकती है। सीमा पर कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर तनाव के बीच दोनों देशों के रुख से साफ है कि भारत अपनी संप्रभुता को लेकर पूरी तरह सतर्क और अडिग है।

'कठिन दौर में भी न्याय पर रहा भरोसा' अमेरिका से केस खत्म होने पर बोले गौतम अदाणी

शेयर करना
Exit mobile version