सुप्रीम कोर्ट ने आपराधिक मामलों की जांच और अग्रिम जमानत से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण कानूनी व्याख्या करते हुए बड़ा फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी आरोपी के खिलाफ “कोई उत्पीड़ात्मक/दंडात्मक कदम न उठाया जाए” का अंतरिम आदेश, जांच अधिकारी को जांच पूरी होने के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल करने से नहीं रोकता है।
बता दें, सर्वोच्च अदालत ने अपने फैसले में रेखांकित किया कि अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान दी गई अंतरिम सुरक्षा का एकमात्र उद्देश्य आरोपी व्यक्ति की निजी आजादी और स्वतंत्रता की रक्षा करना होता है। इसका यह अर्थ कदापि नहीं है कि जांच एजेंसी या पुलिस अधिकारी द्वारा की जा रही जांच प्रक्रिया या अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने की शक्ति पर कोई रोक लग गई है।
कोर्ट ने कहा कि एक बार जब जांच अधिकारी अपनी जांच पूरी कर लेता है और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत चार्जशीट दाखिल करने की आवश्यकता महसूस होती है, तो वह कानून के अनुसार कदम उठाने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। अंतरिम आदेश केवल यह सुनिश्चित करता है कि मामले पर अंतिम विचार होने तक आरोपी की गिरफ्तारी या उत्पीड़न न हो, लेकिन यह जांच प्रक्रिया को अंतिम अंजाम तक पहुंचाने में बाधा नहीं बन सकता।



