लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद राकेश राठौर ने भी समाजवादी पार्टी पर बेहद तीखा प्रहार किया है। लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए राकेश राठौर ने स्पष्ट कर दिया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस किसी भी गठबंधन के सहारे नहीं, बल्कि अपने दम पर सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने जा रही है।

सांसद राकेश राठौर ने सपा के साथ सीटों के तालमेल की खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा, “हमने लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के किसी भी वरिष्ठ नेता के मुंह से आज तक गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं सुनी है। अब लोग खुद ही अपने आप कहते घूम रहे हैं कि हम इतनी सीटें दे देंगे, तो यह उन लोगों का अपना सपना है।” उन्होंने सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग इस मुगालते में हैं कि कांग्रेस अकेले कुछ नहीं कर पाएगी, उन्हें जल्द ही जवाब मिल जाएगा। बहुत जल्द हमारी गिनती शुरू होगी और बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू होगी। राठौर ने खुलासा किया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से साफ निर्देश दिए गए हैं कि सभी 403 सीटों पर चुनाव की डटकर तैयारी की जाए।

मुख्यमंत्री की करनी और कथनी में फर्क: राठौर

सपा के साथ-साथ सांसद राकेश राठौर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर भी जमकर पलटवार किया। सूबे की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की करनी और कथनी में जमीन-आसमान का फर्क है और यह बात पूरी दुनिया जानती है। प्रदेश के हालात का जिक्र करते हुए राठौर ने आरोप लगाया कि आज यूपी के हर ब्लॉक में वसूली का अड्डा चल रहा है, चारों तरफ भ्रष्टाचार व्याप्त है और थानों पर खुलेआम लूट मची है।

उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का इकबाल इस कदर खत्म हो चुका है कि खुद उनके अधिकारी उनकी बातें नहीं सुनते हैं। यही वजह है कि आए दिन मुख्यमंत्री को खुद अपने अधिकारियों को यह हिदायत देनी पड़ती है कि वे विधायकों और सांसदों को नमस्ते करें और प्रोटोकॉल का पालन करें। चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस सांसद के इस आक्रामक रुख और सभी सीटों पर अकेले लड़ने के एलान ने उत्तर प्रदेश के विपक्षी खेमे के साथ-साथ सत्ताधारी दल के राजनीतिक रणनीतिकारों की भी धड़कनें बढ़ा दी हैं।

"कांग्रेस UP में अपने दम पर लड़ेगी चुनाव.." सपा पर बरसते हुए बोले कांग्रेस सांसद Rakesh Rathore

शेयर करना
Exit mobile version