वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा इलाके में किन्नर और युवक के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट और चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
किसी बात को लेकर किन्नर और युवक के बीच विवाद हुआ था
जानकारी के मुताबिक, बजरडीहा क्षेत्र में किसी बात को लेकर किन्नर और युवक के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें युवक दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं एक किन्नर से भी पूछताछ की जा रही है ।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



