उन्नाव। जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में उस वक्त बड़ा बवाल खड़ा हो गया, जब नवविवाहित जोड़ों को उपहार में बांटे गए गद्दों पर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के झंडे जैसी प्रिंटिंग देखी गई। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जिलाधिकारी ने सप्लायर को नोटिस जारी कर जांच बैठा दी है।
क्या है पूरा मामला?
समाज कल्याण विभाग की ओर से कराए गए इस कार्यक्रम में कुल 459 जोड़ों ने शादी रचाई, जिनमें 457 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़े शामिल थे। शादी की रस्मों के बाद सभी को उपहार स्वरूप गद्दे दिए गए। लेकिन जैसे ही लोगों ने गद्दों पर बनी हरी-पीली पट्टियों वाली प्रिंटिंग देखी, तो इसकी तुलना तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न और झंडे से होने लगी। देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया और तस्वीरें इंटरनेट पर आग की तरह फैल गईं।
प्रशासन ने क्या कार्रवाई की?
पूरे विवाद के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने तुरंत संज्ञान लेते हुए गद्दों के सप्लायर को नोटिस थमा दिया और पूरे मामले की गहन जांच के लिए तीन सदस्यों की एक कमेटी बना दी।
हालांकि, प्रशासन ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि प्रिंटिंग वाकई किसी राजनीतिक दल से मेल खाती है या यह महज किसी कंपनी का सामान्य डिजाइन है। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। फिलहाल, जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।



