लखनऊ: राजधानी लखनऊ में नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री का STF ने भंडाफोड़ किया है। दुबग्गा इलाके में चल रही इस फैक्ट्री पर छापेमारी कर STF ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 2 करोड़ रुपये का माल बरामद किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यहां फिनायल, नमक और संदिग्ध पाउडर की मदद से नकली ऑक्सीटोसिन तैयार किया जा रहा था।
STF की टीम ने फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री और पैकेजिंग का सामान बरामद किया। मौके से 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन मिला है। इसके अलावा 36 किलो नमक, फिनायल और संदिग्ध पाउडर भी बरामद किया गया है।
छापेमारी के दौरान टीम को 8 हजार खाली बोतलें और 48 हजार ढक्कन भी मिले हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद नकली ऑक्सीटोसिन के कारोबार का खुलासा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, इस फैक्ट्री में तैयार किया जा रहा नकली ऑक्सीटोसिन लखनऊ से ही अलग-अलग जगहों पर सप्लाई किया जा रहा था। STF अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नकली ऑक्सीटोसिन की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी। फिलहाल, STF की कार्रवाई से नकली ऑक्सीटोसिन बनाने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है।



