नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान छूटा एक विदेशी पर्यटक का नकदी से भरा बैग रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और ईमानदारी के चलते सुरक्षित उसके मालिक को लौटा दिया गया। यह मामला ट्रेन नंबर 22416 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस का है, जहां सिंगापुर के पर्यटक लिम वेंग शांग शुक्रवार को वाराणसी जंक्शन पर उतरते समय अपना काला बैग कोच में ही भूल गए थे।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब मेंटेनेंस यार्ड पहुंची तो नियमित जांच और सफाई के दौरान कोच E1 की सीट नंबर 35 पर यह बैग लावारिस हालत में मिला। अटेंडेंट अनूप कुमार और सफाई कर्मचारी करण सिंह ने बैग देखते ही इसकी सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी। सूचना मिलने पर RPF सब-इंस्पेक्टर चरण सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट वकील सिंह की मौजूदगी में बैग की जांच की गई। जांच में बैग के भीतर 2,11,000 रुपए भारतीय मुद्रा के अलावा 1,000 अमेरिकी डॉलर, 1,22,000 श्रीलंकाई रुपए और 66 सिंगापुर डॉलर सहित चार अलग-अलग देशों की करेंसी मिली।

दूसरी ओर, बैग छूटने का पता चलने पर पर्यटक लिम वेंग शांग अपने गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों से संपर्क कर बैग व उसमें रखे सामान का विवरण दिया। रेलवे अधिकारियों ने यात्री की पहचान और दावों की विधिवत पुष्टि करने के बाद पूरा बैग उन्हें सुरक्षित सौंप दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर पर्यटक ने रेलवे कर्मचारियों और RPF की ईमानदारी तथा त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

'पाखंडी कहीं का, तू खुद को बचा ले बावले...', आखिर धीरेंद्र शास्त्री पर इतना भड़क गए बाबा रामदेव?

शेयर करना
Exit mobile version